----
जीवन शैली का हिस्सा बनाएं ‘स्वच्छता सेवा’: नीलम सिंह
- ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में पहुंची डीजीपी ओपी सिंह की धर्मपत्नी
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
29 सितंबर से 5 अक्तूबर तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में रविवार को डीजीपी ओपी सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि ये पहल केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि स्वच्छता ही सेवा को जीवन शैली का हिस्सा बनाना है। इस अवसर पर एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार की पत्नी प्रिया कुमार, एडीजी राजीव कृष्णा की पत्नी मीनाक्षी सिंह, आईजी नवनीत सिकेरा की पत्नी पूजा सिकेरा भी उनके साथ पहुंची।
एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा और सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे प्रदेश में स्वच्छता ही सेवा सप्ताह मना रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति न केवल जागरूकता लाना बल्कि उनके मन में सेवा भाव उत्पन्न करना है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रिया कुमार ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के अर्थ और महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अतिथियों ने पौधरोेपण भी किया। कार्यक्रम पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार दिए गए और सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एसएन सुब्बाराव फाउंडेशन के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर एसपी देहात विनीत जायसवाल समेत जिले के कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।