परी चौक पर जाम लगा रहीं तीन बसों के चालान, एक सीज
ग्रेटर नोएडा। परी चौक पर जाम से वाहन चालकों को राहत दिलाने के लिए बुधवार को कासना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। 500 मीटर के दायरे में प्रतिबंध के बावजूद बसें खड़ी करने पर पुलिस ने परी चौक पर एक रोडवेज व एक निजी बस का चालान किया। जबकि अन्य कमियां मिलने पर एक निजी बस का चालान तो किया ही उसे सीज भी कर दिया। वहीं, चार बस चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को हिरासत में लिया
ग्रेटर नोएडा। लखनावली मोड़ के पास चेकिंग के दौरान बुधवार को स्कार्पियो गाड़ी के साथ सुंदर भाटी गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
होंडा चौक के पास कार में लगी आग
ग्रेटर नोएडा। खुर्जा निवासी गजेंद्र सिंह पत्नी के साथ बुधवार शाम कार से दिल्ली जा रहे थे। कासना गांव से आगे निकलने पर होंडा चौक के पास बुधवार शाम कार में धुआं निकलते देखकर उन्होंने पत्नी को कार से उतारा और जांच करने लगे। इस दौरान कार से आग की लपटें निकलने लगीं। दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। ब्यूरो