प्रदर्शन कर रहे निवासियों से सोसायटी में अभद्रता
- बिल्डर, बाउंसर व सुरक्षाकर्मियों पर महिला को धक्का देकर चोटिल करने का आरोप
- पुलिस बोली, बैठक में दोनों पक्षों में हुआ है विवाद, दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर हो रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में रविवार को मार्केटिंग दफ्तर हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने अभद्रता व धक्का मुक्की का आरोप लगाया है। महिलाएं व अन्य लोग एकत्रित होकर बिसरख कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सोसायटी की महिलाओं का कहना है कि वह रविवार को मार्केटिंग दफ्तर हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान बिल्डर, बाउंसर, सुरक्षाकर्मी व उनके साथी वहां पहुंचे और महिलाओं से अभद्रता करने लगे। आरोप है कि इस दौरान एक महिला को धक्का देकर घायल कर दिया गया। इसके बाद वह वहां से भाग गए। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। देर शाम महिलाएं व अन्य लोगों ने बिसरख कोतवाली में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
दोनों पक्षों ने दी है तहरीर : सीओ
दोनों पक्षों में किसी समस्या के निस्तारण को लेकर मीटिंग चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - निशांक शर्मा, सीओ बिसरख