11 हजार वोल्ट की लाइन छू जाने से झुलसा
शख्स की हालत नाजुक, ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया
जारचा। कलौंदा गांव में मकान के ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन की चपेट में आने से एक शख्स बुरी तरह झुलस गया। दादरी के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि हबीब गांव में परिवार के साथ रहते हैं। सुबह नौ बजे वह छत पर लोहे की पाइप उठा रहे थे। इस दौरान पाइप छत से गुजर रही लाइन से छू गई। करंट की चपेट में आकर हबीब झुलस गए। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्राम प्रधान राजू नंबरदार ने बताया कि गांव में बिजली की लाइन स्कूल और मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही है। तार नीचे लटके हैं। कई बार विभाग से शिकायत की गई है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों की लापरवाही से हादसा हुआ है।