सड़कें क्षतिग्रस्त, सीवर के ढक्कन भी टूटे
रूपवास के ग्रामीण परेशान, शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण के चलते 31 दिसंबर तक फाटक बंद किया गया है। जिसकी वजह से वाहनों को गांव रूपवास के रास्ते निकाला जा रहा है। गांव के बीच से होकर जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सीवर के ढक्कन भी टूट गए हैं। खुले मैनहोल हादसे को न्योता दे रहे हैं। लेकिन इस पर किसी का ध्यान नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक ग्रेटर नोएडा आने जाने के लिए बोडाकी रेलवे फाटक व रूपवास बाईपास का इस्तेमाल कर रहे हैं। अधिकांश वाहन एस्कॉर्ट कालोनी मार्ग होकर गांव से आवाजाही कर रहे हैं। जिसकी वजह से रूपवास गांव की सड़कें जर्जर हो गई हैं। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष राजकुमार का कहना है कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से जर्जर सड़क व टूटे मैनहोल के ढक्कन लगवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुध नहीं ली गई है। आए दिन खुले मैनहोल में गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। हादसे की वजह से जाम की स्थिति भी बन जाती है।