पूर्व डूसू अध्यक्ष रॉकी पर फंड में घोटाले का आरोप
एबीवीपी ने एनएसयूआई पर किया पलटवार
पूर्व डूसू सहसचिव उमाशंकर ने डीयू प्रशासन में दर्ज कराई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के बाद से एनएसयूआई व एबीवीपी के आरोप-प्रत्यारोप के दौर में अब एबीवीपी ने पलटवार किया है। एबीवीपी ने एनएसयूआई के पूर्व डूसू अध्यक्ष रॉकी तुसीद पर डूसू के फंड में 10 लाख के घोटाले का आरोप लगाया है। एबीवीपी से पूर्व डूसू सहसचिव उमाशंकर ने फंड में घोटाले की शिकायत डीयू प्रशासन में दर्ज कराई है। उन्होंने जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
डीयू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर में दर्ज कराई गई शिकायत में स्पष्ट किया गया है कि रॉकी तुसीद के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों पर चल रहा मुकदमा हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में उन्हें यह अधिकार नहीं है कि वह विश्वविद्यालय छात्रसंघ के फंड का इस्तेमाल कर सकें।
एबीवीपी के प्रदेश मंत्री भरत खटाना ने कहा कि रॉकी के नामांकन की अवैधता के संदर्भ में दिल्ली हाईकोर्ट का निर्णय यह स्पष्ट करता है कि रॉकी को डूसू अध्यक्ष के तौर पर डूसू फंड खर्च करने का अधिकार नहीं था। उन्होंने कहा कि जिस तरह से छात्रों के हित के लिए लगने वाले धन से 10 लाख रुपये का घोटाला रॉकी ने किया, वह बेईमानी दर्शाता है। रॉकी के कार्यकाल के समय रहे डूसू के पूर्व सहसचिव उमाशंकर ने कहा कि छात्रों के पैसे को जैसे रॉकी ने अलोकतांत्रिक ढंग से खर्च किया, उसकी जांच करने के लिए ही शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही उनके खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है।