नाबालिग छात्रा के अपहरण का प्रयास, दो धरे
दनकौर। धनौरी गांव में बुधवार दोपहर दसवीं की छात्रा के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। बुधवार की दोपहर छुट्टी के बाद नाबालिग छात्रा सहेलियों के साथ घर के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान पीछे से एक कार में सवार दो युवकों ने उसे जबरन कार में धकेल दिया। अन्य छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दौड़ लगाकर कार को घेरा और छात्रा को बाहर निकाल लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। दनकौर कोतवाल फरमूद अली पुंडीर का कहना है कि पीड़ित परिवार की तरफ से शिकायत मिल गई है। हिरासत में लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो