पंजाब के लिए भी उपयोगी--
अकाली दल ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान
- करतारपुर साहिब गलियारा खुलवाने का मामला
- केंद्र सरकार से गलियारा खुलवाने का आग्रह
- धार्मिक मुद्दे पर राजनीति उचित नहीं-सरना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। करतारपुर साहिब गलियारे को लेकर सियासत गर्म है। उधर, शिरोमणि अकाली दल दिल्ली ने इस गलियारे को खोलने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। पार्टी के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना ने कहा कि करतारपुर साहिब गुरुद्वारा सिख समुदाय के लिए मायने रखता है। ऐसे में केंद्र को वीजा मुक्त कारीडोर खोलने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
सरना व महासचिव हरविंद्र सिंह सरना ने केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुख की बात है कि एक सिख होने के बावजूद धार्मिक मुद्दे पर सियासत कर रही हैं। इसको लेकर उनकी पार्टी ने ऑनलाइन व ऑफलाइन हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। इसके बाद प्रधानमंत्री को ज्ञापन देकर अपील की जाएगी कि अगले वर्ष गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं को बिना वीजा गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन की इजाजत दे। सरना ने पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान के सेना अध्यक्ष के गले मिलने के खिलाफ भी अभियान को गलत बताया। उन्होंने कहा जब किसी से दुश्मनी खत्म करनी होती है तो गले मिल कर ही शुरुआत की जाती है।