पंजाब के लिए भी उपयोगी
मनमर्जिया के खिलाफ सिखों का सिनेमाघरों के सामने प्रदर्शन
फिल्म में सिखों की छविव को नकारात्मक तरीके से पेश करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । बॉलीवुड की हिंदी फिल्म मनमर्जिया में सिखों की छवि को नकारात्मक तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए सिख समुदाय ने बुधवार को कई सिनेमाघरों पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म से आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने या फिर फिल्म पर बैन लगाने की सेंसर बोर्ड से मांग की ।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं शिरोमणी अकाली दल ने फिल्म के विरोध में बुधवार को नेहरू प्लेस के सत्यम सिनेमा, सुभाष नगर के पैसिफिक मॉल, पीतमपुरा स्थित फन सिनेमा, लक्ष्मी नगर के राधू प्लेस और कनॉट प्लेस स्थित प्लाजा सिनेमा के बाहर प्रदर्शन किया। कमेटी अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने दक्षिणी दिल्ली में प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने फिल्म के निर्देशक अनुराग कश्यप पर सिख मर्यादा को भंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनुराग ने पहले भी उड़ता पंजाब फिल्म बनाकर पंजाबियों को नशेड़ी बताने की गुस्ताखी की थी। अब सिख किरदार के हक में सिगरेट पकड़ा करके सिखों को सिगरेट पीने वाला बताया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर नेशनल अकाली दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि फिल्म मनमर्जिया में फिल्म स्टार अभिषेक बच्चन ने सिखों की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इस फिल्म के विरोध में उन्होंने भारत सरकार से फिल्म पर तुरंत बैन लगाने और निर्माता व कलाकारों पर केस दर्ज करने मांग की है।