सीलिंग पर सियासत गरमाई, डेयरी दोबारा सील
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले, फिर करूंगा डी सील
- एमसीडी के पशुपालन विंग ने डेयरी को दोबारा किया सील
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी क्षेत्र में डेयरी की सील तोड़ने के मामले में सियासत गरमा गई है। इस मामले में एमसीडी ने पुलिस को शिकायत देकर सील हटाने को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, डेयरी मालिक सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, पूर्वी निगम ने इस मामले में सख्त रवैया अपनाते हुए सोमवार को अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में डेयरी को दोबारा सील कर दिया। अब मनोज तिवारी ने फिर डेयरी को सील तोड़ने की बात कही है। वहीं, पूर्वी दिल्ली के कांति नगर क्षेत्र में दो दुकानों से सोमवार को भी सील हटाने का मामला सामने आया है।
पूर्वी दिल्ली एमसीडी के पशुपालन विभाग के कर्मचारियों ने दोपहर गोकुलपुरी पहुंचकर उस प्रापर्टी को सील कर दिया, जिसकी सील रविवार को तोड़ दी गई थी। सोमवार को कार्रवाई के लिए पहुंची सीलिंग टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद थे। टीम ने पुलिस से इस मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
यह है मामला
एमसीडी के मुताबिक जिस डेयरी को सील किया गया है वह अवैध थी। इस संबंध में शिकायत मिलने 14 सितंबर को कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई की विडियो क्लिप और कागजात भी पुलिस को दी गई है। पुलिस के एक आला अधिकारी ने कहा कि सीलिंग तोड़े जाने के संबंध में पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
मैं मंगलवार को फिर से सील हटाऊंगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी कार्रवाई कुछ लोगों पर ही की जा रही है। अगर कार्रवाई करनी है तो जहां भी कमियां हो सभी पर एक जैसी होनी चाहिए। इस मामले में मैं भी अदालत का दरवाजा खटखटाऊंगा। मंगलवार सुबह लीगल विंग की बैठक बुलाई गई है, जिसमें चर्चा के बाद याचिका दाखिल करने के संबंध में फैसला लिया जाएगा।
मनोज तिवारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष