खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश के विरोध में जुटेंगे व्यापारी
25 सितंबर को करेंगे एक दिवसीय धरना, विदेशी निवेश बंद करने की मांग रखेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश के खिलाफ व्यापारिक संगठन लामबंद होने लगे हैं। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल ने दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना देने का ऐलान किया है। फेडरेशन का दावा है कि धरने में देशभर के व्यापारी एक बैनर तले जुटेंगे और सरकार से विदेशी निवेश बंद करने की मांग रखेंगे।
फेडरेशन के राष्ट्रीय महामंत्री वीके बंसल व राष्ट्रीय प्रवक्ता सी. राजेश्वर पैन्यूली ने बताया कि खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश के विरोध में 25 सितंबर को एक दिवसीय धरने के माध्यम से व्यापारी विरोध प्रकट करेंगे। वहीं एकल बिंदू जीएसटी का समर्थन करेंगे। फेडरेशन एकल बिंदु जीएसटी लागू करने के लिए प्रधानमंत्री को एक निवेदन पत्र देगा। दिल्ली प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कोठारी ने बताया कि खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश व ई-कॉमर्स के बढ़ते प्रभाव से देशी व्यापारी की आजीविका खतरे में पड़ गई है। जबकि खुदरा व्यापार देश में सबसे ज्यादा रोजगार देता है। प्रधान मंत्री से अनुरोध है कि वे व्यापारियों की समस्या को समझे।
धरने में ये संगठन होंगे शामिल
फेडरेशन ऑफ आल इंडिया डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन, हरियाणा उद्योग व्यापार हित मंडल, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल, सामाजिक उद्योग व्यापार मंडल लखनऊ, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल नोएडा, उद्योग किसान व्यापार मंडल लखनऊ उत्तर प्रदेश, आगरा मंडल व्यापार संगठन, आगरा पुली एवं कृषि यंत्र निर्माता एसोसिएशन, भीम युवा व्यापार मंडल आगरा, उत्तर प्रदेश व्यापारी समन्वय समिति, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंच, मुस्लिम व्यापार मंडल, उद्योग व्यापार मंडल मोदी नगर उत्तर प्रदेश, होटल एसोसिएशन गांधीधाम गुजरात, राजस्थान कपड़ा व्यापार महासंघ जयपुर, भरतपुर व्यापार महासंघ, लखनऊ सिक्योरिटी एसोसिएशन, लखनऊ साइकिल एसोसिएशन, अवध व्यापार मंडल बहराइच, हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल, व्यापार मंडल, बागपत, उद्योग व्यापार मंडल समेत कई संगठनों के व्यापारी धरने में शामिल होंगे।