रेवाड़ी, हरियाणा के लिए उपयोगी.....
रेवाड़ी रेप मामले में महिला संगठनों ने
हरियाणा भवन के सामने किया प्रदर्शन
- फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने व कड़ी सजा देने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रेवाड़ी रेप कांड की आग दिल्ली तक पहुंच गई है। इस गैंगरेप के खिलाफ महिला संगठनों ने मंडी हाउस स्थित हरियाणा भवन पर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी संगठन की कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि जिस देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जा रहा है, वहीं छात्रा के साथ गैंगरेप होने की घटना सामने आती है। सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।
रेवाड़ी रेप कांड के विरोध में सोमवार दोपहर कई महिला संगठनों ने हरियाणा भवन के सामने सड़क पर उतरकर सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान संगठनों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इस्तीफे की भी मांग की और इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने की बात कही। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक वीमेन एलायंस की अध्यक्ष सहबा फारूखी ने बताया कि इस मामले में हरियाणा पुलिस की भूमिका निंदनीय रही है। चार घंटे तक पीड़िता व उसके परिजन मामला दर्ज कराने के लिए घूमते रहे। ऐसे मामलों में पीड़िता को इसी तरह परेशान किया जाता है। महिलाओं के प्रति भाजपा की यही समझ है। भाजपा ऐसे अपराधों का समर्थन कर रही है।
संघर्षशील महिला केंद्र की कन्वीनर माया ने कहा कि इस दौर में महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मामला दर्ज करने के लिए चार-चार घंटे महिलाओं को थाने में बैठाया जाता है और उल्टे-सीधे सवाल किए जाते हैं। फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर जल्द से जल्द न्याय देने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए। पीड़िता कॉलेज में पढ़ती है और वह सीबीएसई टॉपर रह चुकी है। 19 साल की युवती को राष्ट्रपति भी उसकी प्रतिभा के लिए सम्मानित कर चुके हैं।