सेफ्टी बेल्ट टूटी, पोल से
गिरा विद्युत कर्मी, मौत
- सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। पाली गांव के करीब हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय सेफ़्टी बेल्ट टूटने से एक कर्मी नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि मूल रूप से बिहार निवासी धर्मेंद्र कुमार ग्रेटर नोएडा में विद्युत ठेकेदार के पास काम करता था। मंगलवार को पाली गांव के पास हाईटेंशन लाइन पर काम चल रहा था। धर्मेंद्र कुमार पोल पर काम कर रहा था। बताया गया है कि इसी दौरान सेफ्टी बेल्ट टूट गई और धर्मेंद्र कुमार नीचे गिर गया। गंभीर घायल धर्मेंद्र को साथी कर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान का कहना है कि अभी मामले में तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।