सीबीडीटी के खराब आकलन पर आयोग ने भेजा नोटिस: आप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की फंडिग पर चुनाव आयोग के नोटिस पर पार्टी के कोषाध्यक्ष एनडी गुप्ता ने कहा है कि आयोग का नोटिस केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के खराब आकलन के आधार पर आया है। पार्टी ने वित्त वर्ष 2014-15 की रिपोर्ट आयोग को सौंप दी है। करीब 37.60 करोड़ रुपये अलग-अलग लोगों ने दिए थे। रिपोर्ट में ही बताया गया था कि चंदा देने वाले एक ही शख्स की कई रसीदें हैं। हालांकि, बाद में सीबीडीटी के पूछने पर पार्टी ने चंदा देने वालों की संख्या भी बता दी थी।
गुप्ता का आरोप है कि नोटिस में चंदे की राशि को गलत तरीके से दिखाया गया है। आयोग ने सिर्फ कापी-पेस्ट किया है। यहां तक कि अलग-अलग राज्यों की आप की यूनिट से मिले चंदे को भी नए डोनेशन के तौर पर दिखाया गया है। गुप्ता का कहना है कि बीस दिन के भीतर पार्टी आयोग को अपना जवाब दे देगी।