इंडस्ट्री डे पर सस्ती स्वास्थ्य सुविधा
और उपकरण की तकनीक होगी पेश
- आईआईटी दिल्ली का तीसरा इंडस्ट्री डे 22 को, पांच थीम पर रिसर्च व स्टार्टअप रहेंगे खास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली का तीसरा इंडस्ट्री डे 22 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है। दूसरे इंडस्ट्री डे में पांच थीम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग एंड ब्लॉक चेन टेक्नोलॉजी आदि को शामिल किया गया है। इसके अलावा स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, सस्टेनेबल हैबिटेट व स्टार्टअप इको सिस्टम से संबंधित जानकारी भी मिलेगी। इंडस्ट्री डे का उद्देश्य समाज के लिए सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं और उपकरण मुहैया करवाना है। इसमें हेल्थकेयर फॉर ऑल पर रिसर्च व प्रोडक्ट रखे जाएंगे।
आईआईटी दिल्ली प्रबंधन के मुताबिक, इंडस्ट्री डे के माध्यम से छात्रों की रिसर्च और स्टार्टअप को दुनिया के सामने लाना है। इंडस्ट्री डे में आम लोगों को सस्ते इलाज समेत उपकरण मुहैया करवाने की तकनीक पर फोकस किया जा रहा है, ताकि आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। एम्स जैसे संस्थान के साथ आईआईटी के वैज्ञानिक काम कर रहे हैं। इस दौरान मेडिकल और इंजीनियरिंग विशेषज्ञ किस प्रकार मिलकर काम कर सकते हैं, उसके बारे में भी जानकारी मुहैया करवाई जाएगी। इंडस्ट्री डे के दौरान छात्र, कॉरपोरेट कंपनी से लेकर कई स्टार्टअप कंपनियां भी अपनी रिसर्च को प्रदर्शित करेंगी। इच्छुक छात्र आईआईटी दिल्ली की वेबसाइट पर इंडस्ट्री डे में भाग लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।