छात्रसंघ चुनाव में अब रात को नहीं लगेंगे नारे
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रसंघ चुनाव में अब रात को नारे, वोट की अपील नहीं होगी। जेएनयू चुनाव कमेटी ने आचार संहिता के तहत पेड, सड़क, बिजली के पोल, बिल्डिंग, बस स्टॉप आदि जगहों से पोस्टर हटाने का निर्देश दिया है। अब छात्र संगठनों को चुनावी कार्यक्रम आयोजित करने से 24 घंटे पहले कमेटी से अनुमति लेनी होगी।
जेएनयू छात्रसंघ चुनाव कमेटी के चेयरमैन हिमांशु कुलश्रेष्ठ ने सोमवार देर शाम आचार संहिता लागू कर दी। छात्रों को चुनाव प्रचार के दौरान हाथ से तैयार चुनावी पोस्टर प्रयोग करने होंगे, जिसमें उम्मीदवार की स्कैन फोटो लगानी होगी। चुनावी घोषणापत्र भी हाथ से तैयार होने चाहिए। कमेटी को कॉपी जमा करवाए बगैर कोई भी चुनावी घोषणा पत्र मतदाताओं को मुहैया नहीं करवाया जाएगा। यदि किसी छात्र संगठन ने कैंपस में चुनावी प्रचार से जुड़े पोस्टर लगाए हैं तो उसे मंगलवार तक हटाने का भी निर्देश दिया है। पोस्टर न हटाने पर कार्रवाई की जाएगी। चुनावी सभा के दौरान वाहनों और जानवरों के प्रयोग की मनाही है।