लूटपाट का विरोध करने पर
बाइक सवार को गोली मारी
- नकदी और बाइक से कनेक्ट ब्लूटूथ हेलमेट लूटा, टैंपो चालक से लिफ्ट लेकर युवक खुद पहुंचा अस्पताल अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लाजपत नगर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर नोएडा सेक्टर-55 के रेडीसन होटल में काम करने वाले उत्तम नगर निवासी विनय शर्मा (25) को गोली मार दी। बदमाश उससे 20 हजार रुपये, बाइक से कनेक्ट ब्लूटूथ हेलमेट और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। विनय एक टैंपो पर लिफ्ट लेकर सफदरजंग अस्पताल पहुंचा।
पुलिस के अनुसार,शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे विनय ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर जा रहा था। लाजपत नगर इलाके में उसकी बाइक अचानक बंद हो गई। वह बाइक खड़ी कर रिजर्व में लगाने लगा। इसी दौरान, आश्रम की ओर से दो बदमाश आए और पिस्टल दिखाकर सारा सामान देने के लिए कहा। डरे-सहमे विनय ने जेब से मोबाइल निकालकर बदमाशों को दे दिया। बदमाश उसका बैग छीनने लगे तो विनय ने विरोध किया। इस पर बदमाशों ने उसकी जांघ में गोली मार दी। बदमाशों के भागने के बाद विनय एक टैंपो चालक से लिफ्ट लेकर खुद ही सफदरजंग अस्पताल पहुंचा। अस्पताल से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने वहां पहुंचकर विनय का बयान दर्ज किया और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।