गैर मान्यता प्राप्त स्कूल को बंद कराने को डीएम से शिकायत
दनकौर। दनकौर स्थित एक गैर मान्यता प्राप्त स्कूल को बंद कराने के लिए डीएम से शिकायत की गई है। ग्रेटर नोएडा निवासी अनिल कुमार सिंघल कई दिन पहले मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर दनकौर में चल रहे एक स्कूल के संदर्भ में शिकायत की थी। शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता ने आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी भी प्रस्तुत की है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत की जांच डीएम के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग ने की है। शिकायतकर्ता ने डीएम को पत्र लिखकर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से स्कूल संचालन किए जाने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ स्कूल के प्रबंधक का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार का कोई नोटिस नहीं मिला है। स्कूल की मान्यता के लिए आवेदन किया गया है। स्कूल में कोचिंग क्लास लगाने की बेसिक शिक्षा विभाग से अनुमति ली गई है। ब्यूरो