भीड़ से निपटने के दावों की निकली हवा
नोएडा। यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए की गई तमाम तैयारियां धरी रह गईं। रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही रोडवेज प्रबंधन के दावों की हवा निकल गई। मेरठ, आगरा और अलीगढ़ रूट की बसों में भीड़ इतनी थी कि यात्रियों को लटककर सफर करना पड़ा। शनिवार को सुबह से ही मोरना स्थित बस अड्डे पर यात्रियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ अलीगढ़, आगरा, मेरठ और मथुरा रूट पर दिखाई दी। बसों में भीड़ से बचने के लिए यात्री एक दिन पहले ही रवाना होने के लिए निकले, लेकिन इसके बाद भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बस अड्डे से लेकर स्टॉपेज पर यात्रियों की बेतहाशा भीड़ बसों के इंतजार में खड़ी नजर आई। मोरना से ही बसें फुल होकर चल रही थीं। ऐसे में शहर के स्टॉपेजों पर खड़े यात्रियों को बसों में पैर रखने की जगह भी नहीं मिल रही थी। रक्षा बंधन से एक दिन पहले ही बस परिवहन सेवा का ये हाल था तो त्योहार के दिन का अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है।