जेएनयू कैंपस में लावारिस
हालत में मिले 170 वाहन
- विश्वविद्यालय में वाहन से सुरक्षा में सेंध का मामला, पुलिस में देंगे शिकायत
सीमा शर्मा
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस की सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया है। यहां कैंपस में 170 वाहन लावारिस हालत में मिले हैं। यह वाहन अब विश्वविद्यालय प्रबंधन की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। वाहन न तो छात्रों व शिक्षकों के हैं और न ही पूर्व छात्रों के हैं। ऐसे में कैंपस में लावारिस वाहन मिलने से सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर कैंपस में पहुंचे कैसे? इस मामले में विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओ से दिल्ली पुलिस को शिकायत देने की तैयारी चल रही है।
जेएनयू एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक के दौरान कैंपस के विभिन्न स्थानों पर 170 लावारिस वाहनों के खडे़ होने की रिपोर्ट पेश की गई। जिसमें बताया गया कि कैंपस स्थित हॉस्टल, स्कूल व सेंटर की पार्किंग, ढाबा आदि इलाकों में यह वाहन खड़े हैं। कुछ वाहन तो आठ से दस साल पुराने हैं। विश्वविद्यालय सिक्योरिटी ने इन वाहन मालिकों के बारे में जानकारी एकत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कोई सामने नहीं आया। यह वाहन कौन और कब खड़ा करके गया है, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है।
जेएनयू कैंपस में इससे पहले पाकिस्तान जिंदाबाद और भारत तेरे टुकड़े होंगे, जैसे देश विरोधी नारे लग चुके हैं। इसी के चलते अब लावारिस वाहन मिलने से सुरक्षा का मामला गरमा गया है।
- वेबसाइट पर वाहनों की डिटेल होगी अपलोड
विश्वविद्यालय प्रबंधन इन लावारिस वाहनों की डिटेल वेबसाइट पर अपलोड करेगा। वेबसाइट पर वाहन मालिकों से इन वाहनों को ले जाने की अपील होगी। यदि कोई वाहन मालिक सामने नहीं आता है तो फिर उसके बाद इन वाहनों को बोली लगाकर बेच दिया जाएगा।