दसवीं कटऑफ में कोर्स व कॉलेज बदल सकेंगे
27 अगस्त को जारी होगी सूची, 29 तक दाखिले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के रेगुलर कॉलेजों में दाखिले के लिए दसवीं कटऑफ 27 अगस्त को जारी होने जा रही है। इस कटऑफ की खास बात यह है कि इसमें छात्र कॉलेज व कोर्स बदलकर दाखिला ले सकेंगे। आठवीं व नौवीं कटऑफ में छात्रों को कोर्स व कॉलेज बदलने की अनुमति नहीं दी गई थी। यह मौका सभी छात्रों के लिए होगा। वहीं इस कटऑफ में उन छात्रों को भी दाखिले का अवसर मिलेगा, जोकि आठवीं कटऑफ से पहले दाखिला लेने से वंचित रह गए थे। हालांकि ऐसे छात्रों को यह अवसर दाखिले के अंतिम दिन (29 अगस्त) को ही मिलेगा।
डीयू ने दसवीं कटऑफ की अधिकारिक घोषणा कर दी है। यह कटऑफ 27 अगस्त को जारी होगी और इसके आधार पर 27, 28 व 29 अगस्त को दाखिला लिया जा सकेगा। कटऑफ में सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी व कश्मीरी विस्थापित दाखिला ले सकेंगे। जो छात्र आठवीं व नौवीं कटऑफ की स्पेशल ड्राइव में दाखिले के योग्य थे, लेकिन उन्हें कोर्स व कॉलेज बदलने की अनुमति नहीं दी गई थी, वह भी दसवीं कटऑफ में दाखिला ले सकेंगे। इसी तरह से वह छात्र जोकि आठवीं कटऑफ से पहले दाखिले के योग्य थे वह दसवीं कटऑफ के आखिरी दिन सीट उपलब्ध होने पर दाखिला ले सकेंगे। यह अवसर उन्हीं छात्रों को मिलेगा, जिन्होंने अब तक किसी कॉलेज में दाखिला नहीं लिया होगा।