बारिश से पूर्वी दिल्ली में जलभराव, जाम लगा
नई दिल्ली। बारिश के चलते बृहस्पतिवार सुबह पूर्वी दिल्ली नगर निगम की पोल खुल गई। लक्ष्मी नगर से लेकर शाहदरा और दिलशाद गार्डन तक कई घंटों तक पानी के भराव के चलते जाम की समस्या देखने को मिली। शाहदरा स्थित स्वामी दयानंद अस्पताल में भी पानी भरने की जानकारी मिली। यहां ड्रेन का पानी अस्पताल में घुस गया था।
वहीं शाहदरा साउथ जोन के न्यू सीलमपुर के एच ब्लॉक गुरुद्वारा रोड, मैक्स हॉस्पिटल के सामने, गली नंबर-5 धर्मपुरा गांधी नगर, मंडावली मदर डेयरी के नजदीक, माया इंटरनेशनल स्कूल आईपी एक्सटेंशन में देर शाम तक पानी भरा रहा। मुस्तफाबाद, शिव विहार, भजनपुरा, खजूरी, मंडोली, सबोली, हर्ष विहार, यमुना विहार, मौजपुर, चौहान बांगर, शास्त्री पार्क, गीता कॉलोनी, कृष्णा नगर, जीटीबी एन्क्लेव, भोला नाथ नगर, विनोद नगर, मयूर विहार, कड़कड़डूमा, विश्वास नगर 60 फुटा रोड भी पानी से भर गए। लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से लेकर मंगल बाजार रोड तक सड़क पर पानी भरा मिला। ब्यूरो