अगले सप्ताह एक और कटऑफ हो सकती है जारी
डीयू में कटऑफ आने का सिलसिला जारी, शुक्रवार को कॉलेजों से सीटों की जानकारी मिलेगी
- दाखिला प्रक्रिया के लिए पहले ही तिथि 31 अगस्त तक बढ़ाई जा चुकी है
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए जून से शुरू हुआ कटऑफ जारी होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब अगले सप्ताह एक और कटऑफ जारी की जा सकती है। शुक्रवार को कॉलेजों से दाखिलों का ब्योरा मिलने के बाद तय होगा कि किस-किस श्रेणी के तहत कटऑफ जारी होगी। दरअसल डीयू को हर हाल में 31 अगस्त तक दाखिला प्रक्रिया को पूरा करना है। इस तिथि के बाद डीयू में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले नहीं होंगे।
उल्लेखनीय है कि दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले यह तय किया गया था कि इस बार केवल पांच कटऑफ ही निकाली जाएंगी, लेकिन दाखिले कैंसिल कराकर एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज व एक कोर्स से दूसरे कोर्स में शिफ्टिंग के कारण लगातार सीटें खाली हो रही हैं। अब तक डीयू प्रशासन 9 कटऑफ निकाल चुका है। बृहस्पतिवार को नौवीं कटऑफ के दाखिले भी संपन्न हो गए। अब भी कुछ कॉलेजों में कोटे के साथ-साथ सामान्य श्रेणी की सीटें खाली हैं। ऐसे में अब दसवीं कटऑफ 31 अगस्त से पहले-पहले निकाली जाएगी, जिससे इस तिथि से पहले दाखिले संपन्न किए जा सकें। दसवीं कटऑफ आखिरी कटऑफ होगी इसके बाद डीयू में रेगुलर कॉलेजों में दाखिले पूरी तरह से समाप्त हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि पहले दाखिला प्रक्रिया पूरा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त थी, लेकिन कटऑफ निकाले जाने के कारण इस तिथि को भी बढ़ाया गया।