डूूसू चुनाव में पचास फीसदी आरक्षण की मांग
- ऑल इंडिया यूर्निवर्सिटीज एंड कॉलेजिज एससी, एसटी ओबीसी टीचर्स एसोसिशन ने राजनैतिक पार्टियों को लिखा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा, सांसदों के चुनाव में एससी और एसटी प्रत्याशियों को मिलने वाले आरक्षण की तर्ज पर अब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (डूसू) में भी आरक्षित श्रेणी के छात्रों को टिकट दिए जाने की मांग उठने लगी है। इसके लिए ऑल इंडिया यूनिवर्सिटीज एंड कॉलेजिज एससी, एसटी, ओबीसी टीचर्स एसोसिएशन ने राजनैतिक पार्टियों को एक खुला पत्र लिखा है। पत्र में डूसू चुनाव में 50 फीसदी सीटों पर एससी, एसटी और ओबीसी के छात्रों को प्रतिनिधित्व दिए जाने की बात कही गई है।
टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. हंसराज ने कहा कि डूसू चुनाव में भी 50 फीसदी सीटें आरक्षित श्रेणी के छात्रों के लिए होनी चाहिए। इसके लिए राजनैतिक पार्टियों के प्रदेश अध्यक्षों को खुला पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय होने के कारण यहां देशभर के छात्र पढ़ने आते हैं। डीयू के छात्र संघ चुनाव को राजनीति का प्रशिक्षण देने की नर्सरी कहा जाता है। इसी विश्वविद्यालय से छात्र राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में आज पदों पर आसीन है। जब राजनैतिक पार्टी निगम, विधान सभा और सांसदों चुनाव में एससी और एसटी को आरक्षण देती हैं तो छात्र संघ चुनावों में आरक्षित वर्ग के छात्रों को टिकट देकर एक नया अध्याय शुरू किया जा सकता है।