आरडब्ल्यूए कोना
----------------
बाहरी लोगों के आवागमन से असुरक्षित हुआ सेक्टर पाई-4
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शहर के पाई-4 सेक्टर में लावारिस मवेशी घूमते रहते हैं। ब्लॉक के चारों ओर के गेट खुले रहते हैं। आए दिन सेक्टर में चोरी की वारदात हो रही हैं। सेक्टर में दिन भर बाहरी लोगों का आवागमन रहता है। सेक्टर की समस्याओं को लेकर लोगों ने प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से शिकायत की है।
सेक्टर के विजेंद्र भाटी, जेपी सिंह और आरडी दीक्षित ने शिकायत में कहा है कि सेक्टर को आवंटन हुए 14 साल हो गए हैं। सेक्टर में 136 प्लाट हैं। जिसमें से तीन या चार फीसदी प्लॉटों में ही मकान बने हैं। अधिकांश प्लांटों पर मकान कंप्लीशन ले रखा है। सेक्टर में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
सेक्टर के लोगों ने सभी गेट बंद कर केवल एक गेट ही खोलने, ब्लाक में किसी भी अपरिचित व्यक्ति के रहने पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही भूखंड मालिक अगर जिम्मेदारी लेेने पर किसी को प्लॉट पर रहने का अधिकार मिले। सुरक्षा गार्ड के द्वारा रजिस्टर में आईडी के साथ अंकित करने के बाद किसी को अंदर जाने दिया जाए। ब्लॉक में रात में एक बार पुलिस गश्त करें। कई स्थानों पर सेक्टर की चारदीवारी टूटी है। उसकी जल्द निर्माण किया जाए।
-------
परी चौक पर गड्ढों से लग रहा ट्रैफिक जाम
ग्रेटर नोएडा। कुछ दिनों से सूरजपुर कासना मार्ग पर परी चौक से कॉमर्शियल बेल्ट की ओर जा रहे रास्ते में मेट्रो लाइन के नीचे कुछ दिनों से दो गड्ढे हैं। जिससे वाहन चालकों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मार्ग पर दूसरी और बस और वाहन पार्क कर दिए जाते हैं। जिससे इस स्थान पर यातायात बाधित रहता है। एडवोकेट आदित्य भाटी ने प्राधिकरण को पत्र लिखकर सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है।
सेक्टरों में गेस्ट हाउस चलाने का विरोध
ग्रेटर नोएडा। एक्टिव सिटीजन के सदस्य हरेंद्र भाटी ने प्राधिकरण से शिकायत की है कि सेक्टरों में होस्टल और गेस्ट हाउस चलाने की कोई पॉलिसी नहीं है। इसके बाद भी मकानों में गेस्ट हाउस और पीजी चल रहे है। कई बार आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। सेक्टरों में हॉस्टल और गेस्ट हाउस चलने से लोगों की सुरक्षा को खतरा है।