मलेरिया : 18 दिन में 43 लोग पड़े बीमार
दिल्ली नगर निगम की रिपोर्ट में खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में मच्छरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ वर्षों से जहां राजधानी में डेंगू और चिकनगुनिया का असर देखने को मिल रहा है, वहीं अबकी बार मलेरिया की वजह से लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सोमवार को सामने आई दिल्ली नगर निगम की एक रिपोर्ट के अनुसार राजधानी में इस माह पिछले 18 दिन के भीतर 43 लोग बीमार हो चुके हैं।
वर्ष भर की बात करें तो दिल्ली में मलेरिया की वजह से मरीजों की संख्या 131 पहुंच चुकी है। इसके अलावा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में डेंगू भी धीमा वार करता दिखाई दे रहा है। अब तक 69 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। हालांकि राहत की खबर ये है कि अभी तक डेंगू की वजह से दिल्ली में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है, जबकि पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो राजधानी में हर वर्ष सैकड़ों लोगों की मौत डेंगू की वजह से हुई है।
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह पर गौर करें तो मलेरिया और डेंगू ज्यादा फैलता दिखाई दे रहा है, जबकि पिछले सप्ताह एक भी चिकनगुनिया का केस सामने नहीं आया है। मैक्स अस्पताल के डॉ. विवेक कुमार की मानें तो इस मौसम में मच्छरों का आतंक बढ़ना स्वाभाविक है, इसलिए लोगों को और भी ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है।