दुर्गेश पाठक को दक्षिण के तीन राज्यों का प्रभार
- पंकज गुप्ता की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी, फिलहाल उनके पास जम्मू कश्मीर मामलों का प्रभार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) ने दुर्गेश पाठक को महाराष्ट्र, कर्नाटक व गोवा का प्रभारी नियुक्त किया है। अभी तक वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता के पास तीनों राज्यों की जिम्मेदारी थी। पीएसी सदस्य दुर्गेश पाठक अब तीनों राज्यों के प्रभारी होंगे।
आप के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि बीते दिनों पंकज गुप्ता को पार्टी ने दिल्ली की चांदनी चौक लोक सभा का प्रभारी बनाया है। इससे फिलहाल उनकी व्यस्तता दिल्ली में ज्यादा है। पंकज गुप्ता ने खुद ही तीनों राज्यों को प्रभार छोड़ने की इच्छा पार्टी से जाहिर की थी। इसके आधार पर पीएसी ने दुर्गेश पाठक को जिम्मेदारी सौंपी है।
पीएसी सदस्य दुर्गेश पाठक के पास अभी जम्मू कश्मीर के संगठन से जुड़े मामलों का भी प्रभार है। वहीं, वह पार्टी की नेशनल ऑर्गेनाइजेशन बिल्डिंग टीम की अगुवाई भी कर रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, चुनाव से पहले उन्होंने पंजाब में संगठन को मजबूत करने की अहम भूमिका अदा की थी। वहीं, दिल्ली चुनाव के दौरान भी वह कोर टीम से जुड़े थे।
संजय सिंह ने केरल राहत फंड में दिए एक लाख रुपये
आप सांसद संजय सिंह ने केरल के मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में एक महीने का वेतन दिया है। एक लाख रुपये की राशि फंड में ट्रांसफर हो गई है। केरल के प्रमुख सचिव, वित्त ने फंड ट्रांसफर होने की जानकारी भी उन्हें दे दी है। संजय का कहना है कि जिस तरह की आपदा से केरल जूझ रहा है, उसमें पूरे देश को मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने अपील की कि देश का हर नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री से केरल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी की।