ससुराल वालों के तानों से तंग युवक ने खुद को लगाई आग
नई दिल्ली। कंझावला इलाके में ससुराल वालों के तानों से आहत युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर खुदकुशी करने की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से युवक को सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक 75 फीसदी झुलस चुका है। फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिवार वालों ने ससुराल वालों पर आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित प्रदीप कुमार अपने परिवार वालों के साथ कुतुबगढ़ इलाके में रहता है। वर्ष 2003 में उसकी शादी रेखा से हुई। दंपती के दो बेटे हैं। पुलिस को सोमवार सुबह सूचना मिली कि प्रदीप ने खुद को आग लगा ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिवार वाले उसे अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। प्रदीप के परिवार वालों ने बताया कि वह काफी साल से चर्मरोग से पीड़ित है। उसका इलाज चल रहा है। प्रदीप के ससुराल वाले इस बीमारी को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। रविवार को भी फोन पर ससुराल वालों ने उसपर तंज कसा था, जिससे वह तनाव में था। सोमवार सुबह प्रदीप का साला अपनी पत्नी के साथ घर आया था। किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद प्रदीप दूसरे कमरे में गया और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर आग लगा ली। प्रदीप की चीख सुनकर परिजन पहुंचे और आग बुझाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदीप के बयान के बाद ही सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।