दिल्ली की सड़कें दूधिया रोशनी से जगमग होंगी
एलईडी लाइट लगाने के दूसरे चरण का कार्य इसी माह होगा पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली की सड़के इस महीने दूधिया रौशनी से रोशन हो जाएंगी। दूसरे फेज का काम भी टाटा पावर ने इसी महीने पूरा करने का लक्ष्य रखा है। 1,37,000 प्वाइंट्स पर हाई प्रेशर सोडियम वेपर लैंप व सेमी हाई मास्टर लाइट की जगह एलईडी लाइट लगाई जा चुकी है। टाटा पावर लिमिटेड के अनुसार, ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटें सड़कों पर लगाने का लक्ष्य इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। नई दिल्ली नगर पालिका इलाके के 104 वार्डों में हैवल्स इंडिया के साथ मिलकर नॉर्थ एमसीडी के लिए स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट के दूसरे चरण पर काम चल रहा है। पहले चरण में निर्धारित समय सीमा के भीतर 85,000 से अधिक स्ट्रीट लाइटों को एलईडी लाइटों से बदलने का काम पूरा कर लिया है। दूसरे चरण में 52,000 से अधिक लाइटें अब तक बदली जा चुकी हैं। इस प्रोजेक्ट का मकसद सड़कों पर बेहतर रोशनी के साथ-साथ ऊर्जा दक्षता को भी बढ़ावा देना है। इस प्रोजेक्ट से पीक डिमांड में 15 मेगावाट से अधिक कमी आने की संभावना है।