2 लाख हुई सामूहिक विवाह योजना की आय पात्रता सीमा
लाभार्थी नहीं मिलने पर सरकार ने किया बदलाव, 1500 शादियों का है लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह योजना की पात्रता आय सीमा बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है। इस फैसले से योजना को लाभार्थी मिलने की संभावना बढ़ गई है। फिलहाल, योजना में लाभार्थी नहीं मिल रहे है। जबकि, सरकार ने जिले को 1500 लाभार्थियों की शादी कराने का लक्ष्य दिया है। पिछले साल प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह योजना शुरू की थी। पात्रता में आय सीमा तय की गई थी। ग्रामीण क्षेत्र के लिए 45,800 और शहरी क्षेत्र के लिए 56,860 रुपये थी। इसका कुछ बजट भी जिला समाज कल्याण विभाग को भेज दिया गया है। वित्तीय वर्ष का पांचवां माह चालू है, लेकिन अभी तक विभाग एक भी शादी नहीं करा सका है। ऐसे में अब सरकार ने पात्रता में बदलाव किया है और आय सीमा बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी आनंद कुमार सिंह का कहना है कि पात्र लाभार्थियों की तलाश की जा रही है। आय सीमा बढ़ने से अब लाभार्थी आसानी से मिल जाएंगे।