सूरजपुर कोतवाली के नए प्रभारी का विरोध
- एवीजे हाइट्स सोसायटी के लोगों ने एसपी देहात से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
सेक्टर जीटा वन की एवीजे हाइट्स सोसायटी के लोगों ने शनिवार को एसपी देहात से रिटायर्ड कर्नल को हथकड़ी लगाने के आरोप में सेक्टर-20 से हटाकर सूरजपुर कोतवाली प्रभारी बनाए गए मनीष सक्सेना की तैनाती का विरोध किया। सोसायटी वासियों ने कहा कि पिछले कार्यकाल में कोतवाली प्रभारी ने लोगों को परेशान करने कार्रवाई की थी। उन्होंने एसपी देहात को सौंपे शिकायत पत्र में इसकी लिखित जानकारी दी है।
हाल ही में सूरजपुर कोतवाली की जिम्मेदारी मनीष सक्सेना को दी गई है। इससे पहले भी मनीष सूरजपुर कोतवाली के प्रभारी रह चुके है। शनिवार को एवीजे हाइट्स सोसायटी वासियों ने एसपी देहात को सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा कि पिछले साल अगस्त में बिजली बिल जमा नहीं होने पर एनपीसीएल ने आपूर्ति बंद कर दी थी। उस समय काफी विवाद हुआ था। आरोप लगाया है कि तत्कालीन कोतवाली प्रभारी मनीष सक्सेना ने सोसायटी निवासियों को काफी परेशान किया था। सोसायटी वासियों ने दोबारा कोतवाली प्रभारी बनाए जाने से बिल्डर के खिलाफ की गई गैंगस्टर और अन्य कार्रवाई भी बाधित होने की आशंका जताई है।
बिजली विवाद खत्म करने को एडीएम से की मुलाकात
ग्रेटर नोएडा। वहीं सोसायटी के लोगों ने एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह से मुलाकात कर बिजली संबंधी विवाद के निस्तारण करने की मांग की है। एडीएम ने एनपीसीएल को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एडीएम से बिजली बिल विवाद को निपटाने और अलग-अलग कनेक्शन दिलवाने की मांग की है। जिस पर एडीएम प्रशासन ने सोसायटी के लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) दिवाकर सिंह ने कहा कि अगर बिल्डर बिजली बिल जमा नहीं करेगा तो उससे वसूली की जाएगी। इस संबंध में एनपीसीएल को कार्रवाई करने हर फ्लैट में अलग कनेक्शन देने की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया गया है।