आरडब्लूए कोना
बाजार में अतिक्रमण से चलने तक की जगह नहीं
अल्फा टू सेक्टर के लोग परेशान, पार्कों की हालत खस्ता, पशुओं का लगता है जमावड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। अल्फा टू सेक्टर में प्राधिकरण की लापरवाही से बाजारों में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। दुकानदारों और ठेली पटरी वालों की वजह से पैदल चलने तक का रास्ता नहीं बचता। वहीं, सेक्टर में चारदीवारी का निर्माण कराने, पार्कों के रखरखाव, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी को आरडब्ल्यूए ने पत्र लिखा है। लोगों का कहना है कि प्राधिकरण कोई भी काम नहीं करवा पा रहा है। बाजार में सबसे ज्यादा अतिक्रमण है। जिसे हटाने की ठोस रणनीति भी प्राधिकरण ने नहीं बनाई है। अतिक्रमण करने वालों ने प्राधिकरण के अधिकारियों से साठगांठ कर रखा है। सिर्फ दिखावे के लिए एक या दो महीने में अभियान चलाया जाता है। फिर शांत हो जाते है। कार्रवाई की मांग को लेकर कई बार आरडब्ल्यूए से शिकायत कर चुके है। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पार्कों में सारा दिन आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इनकी वजह से बच्चे पार्कों में नहीं जा पाते हैं। लंबे समय से पेड़ों की छटाई नहीं की गई है। पेड़ काफी झुक चुके हैं। टूटे पेड़ों को भी नहीं हटाया जा रहा है। चारदीवार के निर्माण के लिए तीन माह पहले ठेका छोड़ा गया था। काम शुरू भी हुआ, लेकिन बीच में ही किसी कारण से बंद हो गया था। निर्माण पूरा नहीं होने से आए दिन चोरी की वारदात हो रही हैं। सेक्टर में गाड़ियों के टायर भी चोरी हो जाते है।
सेक्टर के पार्कों में आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। पशुओं से पार्क में गंदगी रहती है। इन्हें रोकने की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वीरेंद्र ,सेक्टर निवासी
प्राधिकरण ने सेक्टर में काम शुरू नहीं किया तो अल्फा-टू सेक्टर के लोगों को धरना देना पडे़गा। समस्याओं को दूर कराने की शिकायतें करते रहे हैं।
नवीन भाटी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
सड़क धंसने से यातायात बाधित
ग्रेटर नोएडा। साइट 4 में होली पब्लिक स्कूल के नजदीक सड़क धंस गई है। सड़क के बीच में गड्ढा हो गया है। जिसमें कोई भी वाहन गिर सकता है। सड़क धंसने से आवागमन भी बंद है। लोगों ने प्राधिकरण से भी शिकायत की है।