नेफोमा के पदाधिकारियों और फ्लैट खरीदारों का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ को फ्लैटों पर जल्द कब्जा दिलाने और अन्य समस्याओं को दूर करने का ज्ञापन सौंपा। नेफोमा प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक मुलाकात के दौरान सीईओ ने उनसे कहा कि फ्लैट पर कब्जा दिलाने का काम उनका नहीं है। इसके लिए रेरा में शिकायत करें। सीईओ के इस बात से खरीदारों में काफी निराशा है।
बृहस्पतिवार को विभिन्न प्रोजेक्ट के 10 से अधिक खरीदार सीईओ से मिलने पहुंचे थे, लेकिन सीईओ केवल पांच लोगों के साथ मिलने की बात कही। बाद में पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की। खरीदारों ने सीईओ को बताया कि मुख्यमंत्री ने 50 हजार फ्लैटों पर कब्जा दिलाने का वादा किया था, लेकिन आज तक पांच हजार फ्लैटों पर भी कब्जा नहीं दिला पाए है। नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया कि सीईओ पार्थ सारथी सेन शर्मा ने नेफोमा सदस्यों से कहा कि कब्जा दिलाने का काम उनका नहीं है। रेरा में शिकायत करें। उनका काम रोड, लाइट, सीवर का है।
इस पर नेफोमा ने अपनी मांगों का पत्र सौंपा है। वहीं खरीदारों ने मांग की है कि पुराने खरीदारों से किसी तरह अतिरिक्त रुपये और किसी तरह का ब्याज नहीं मांगा जाए। अगर कोई खरीदार पैसा वापस लेना चाहता है तो उसका पैसा वापस दिलवाया जाए। कब्जा देने तक बिल्डर मकान का किराया दें और बैंक का ब्याज दें। इनके अलावा किसान चौक पर ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने, फुट ओवर ब्रिज बनाने समेत अन्य मांग शामिल है।
सीईओ से मिलने के लिए प्राधिकरण पहुंचे लोगों में आसिम खान, रश्मी पांडे, राशिद सिद्दीकी, संजय चौधरी, मुनीस ठाकुर, जफर, एसबी त्यागी, स्नेह चोपड़ा, उपकार सिंह, आरए बिष्ट, मुकेश कुमार सिंह, उमेश कुमार, शशांक नारायण आदि मौजूद रहे।