पंचायत में मारपीट-हमले में दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज
- हबीबपुर गांव में मामूली बात पर हुआ था दो पक्षों में दो बार झगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में दो पक्षों में समझौते की पंचायत में हुई मारपीट व हमले के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में एक पक्ष की ओर से एससीएसटी एक्ट व अन्य धाराओं में व दूसरे पक्ष की ओर से हत्या के प्रयास आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। केस में नामजद प्रदीप पक्ष का एक व्यक्ति एक पाटी से जुड़ा हुआ बताया गया है।
ईकोटेक-3 थाना प्रभारी राजपाल तोमर ने बताया कि हबीबपुर गांव में एक पक्ष के प्रदीप ने बिजली का काम करने वाले राजकुमार को किसी काम के लिए रुपये दिए थे। आरोप है कि काम नहीं होने पर प्रदीप बुधवार को रुपये मांगने गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। राजकुमार पक्ष के जयराम ने इस मामले में प्रदीप पक्ष के लोगों पर मारपीट, एससीएसटी एक्ट आदी में शिकायत थाने में दे दी। आरोप था कि हमले व मारपीट में राजकुमार पक्ष के लोग घायल हुए हैं। इस पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों पक्षों की गांव स्थित एक व्यक्ति के घर पंचायत हुई। पुलिस का कहना है कि प्रदीप पक्ष के लोगों का आरोप है कि पंचायत में फैसले के नाम पर दस लाख रुपये की मांग की गई। इस बात को लेकर एक बार फिर मौके पर मारपीट हुई। इसके बाद मामले में प्रदीप पक्ष ने भी पुलिस को तहरीर देकर राजकुमार पक्ष के दस लोगों को नामजद व अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोप है कि पंचायत में हुए हमले में प्रदीप के चाचा वेदप्रकाश के सिर में गंभीर चोट आई है। उधर, पुलिस ने राजकुमार पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों पर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गांव में शांति हैं। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।