हेडिंग: ग्रेनो में रेरा का दफ्तर 1 सितंबर से होगा शुरू
प्राधिकरण के पुराने दफ्तर में बनाने का फैसला
रेरा की मोबाइल टीम मौके पर भी करेगी सुनवाई
नोएडा-ग्रेनो के फ्लैट खरीदारों को बड़ी सहूलियत
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। फ्लैट खरीदारों की समस्याओं को निपटाने के लिए ग्रेटर नोएडा में रेरा का दफ्तर 1 सितंबर से शुरू हो जाएगा। रेरा की यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पीठ होगी। यहां नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद व आसपास के एरिया से जुड़े फ्लैट खरीदारों के मुद्दों पर सुनवाई होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर गामा वन स्थित पुराने दफ्तर में यह खुलेगा।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में बिल्डर-खरीदारों के विवादित मुद्दे सबसे ज्यादा हैं। इनको निपटाने के लिए लोगों को शिकायत और सुनवाई के लिए लखनऊ जाना पड़ता है, जिससे एक बार शिकायत करने के बाद उसका निपटारा होने तक परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार ने पहल की है। अब इसकी एक पीठ ग्रेटर नोएडा में खुलेगी। अब रेरा के अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि जल्द ही एक मोबाइल टीम भी शुरू होगी, जो मौके पर जाकर शिकायतों को सुनेगी। मौके पर ही न्याय दिया जाएगा। इससे घर खरीदारों को लखनऊ या दूर क्षेत्र की यात्रा की जरूरत नहीं है। अब रेरा जल्द ही खरीदारों से जुड़े मामलों को तेजी से निपटारा करेगा। नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार का कहना है कि रेरा का दफ्तर यहां खुलने से वाकई खरीदारों के लिए बड़ी सहूलियत हो जाएगी।