डॉक्टर और नर्स में कहासुनी, नर्स का तबादला
- महिला डॉक्टर ने नर्स के आचरण पर लगाया लांछन, नर्स ने दी आत्महत्या की धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। सरकारी अस्पताल में संविदा पर नर्स और महिला डॉक्टर के बीच कहासुनी में आचरण पर लांछन लगाने से आहत नर्स ने आत्महत्या करने की धमकी दे दी। जिस पर समझा बुझाकर नर्स को शांत करा दिया गया। बाद में नर्स का तबादला दूसरे अस्पताल में कर दिया गया। साथ ही संविदा पर तैनात महिला डॉक्टर को भविष्य में किसी के आचरण पर टिप्प्णी नहीं करने की चेतावनी दी है।
नगर के सरकारी अस्पताल में स्कूलों और अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य की जांच कराने के लिए संविदा पर दो डॉक्टर, एक नर्स और एक सहायक नर्स को तैनात किया है। पिछले छह अगस्त को स्वास्थ्य विभाग में सुविधाओं को लेकर एक नर्स का कोई बिल पास हो गया। बिल पास होने पर एक महिला डाक्टर ने नर्स के आचरण पर लांछन लगाया। जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। नर्स ने हंगामा करने के बाद घटना अपने परिजनों को बताई और आत्महत्या करने की धमकी दे दी। जिसे लेकर परिजन भी अस्पताल में आ गए। मामले को किसी तरह शांत कराया गया। उसके बाद नर्स का दूसरे अस्पताल में तबादला कर दिया गया है।
अस्पताल अधीक्षक डाक्टर अमित कुमार का कहना है कि नर्स का तबादला कर दिया। अब मामला शांत है। महिला डॉक्टर को आचरण पर कमेंटस न करने की चेतावनी दी गई है।