पूर्वांचलियों को साधने में जुटी भाजपा
- अगले महीने पूर्वांचल महासम्मेलन करने का किया ऐलान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तैयारी में राजनीतिक पार्टियां अभी से ही जुट गई है। दिल्ली में बढ़ते पूर्वांचलियों की तादाद को देखते हुए सभी दल इन्हें अपने पक्ष में करने की कवायद में है। प्रदेश भाजपा ने तो इसे लेकर सघन अभियान चला रही है। अगले महीने पूर्वांचल महासम्मेलन का भी आयोजन करने जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी खुद इसकी कमान संभाले हुए है। प्रदेश भाजपा 30 सितंबर को पूर्वांचल सम्मेलन आयोजित करेगी। इस सम्मेलन के लिए अभी से ही जनसमर्थन बढ़ाने के अभियान में प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा जुट गया है। प्रदेश के नेता झुग्गी-झोपड़ी में प्रवास करने लगे हैं तो झुग्गी कलस्टरों में स्थानीय समस्या, जिसमें राशन कार्ड, पानी की कमी, बच्चों की सुविधा समेत कई मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि पूर्वांचल सम्मेलन में हम एक लाख से अधिक पूर्वांचली शामिल होंगे। इसके लिए अनाधिकृत कॉलोनियों एवं झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों से संपर्क साधा जा रहा है। मोर्चा केवल भाजपा के राजनीतिक विस्तार के लिए कार्य नहीं कर रहा। हम दिल्ली में रह रहे पूर्वांचलवासी परिवारों के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं निवास में सुधार के लिए कार्य कर रहे हैं। पूर्वांचल मोर्चा के झुग्गी-झोपड़ी विभाग प्रमुख सुभोजीत गौतम का कहना है कि पूर्वांचलियों की मुख्य समस्या राशन कार्ड नहीं बनना, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, बेरोजगारी है। इसे लेकर सुविधाओं के अभाव को लेकर भी लोग चिंतित नजर आ रहे हैं।