बिजली मंत्रालय की ओर से गौतमबुद्ध नगर, बागपत और हापुड़ को जल्द ही ‘सौभाग्यशाली’ श्रेणी का जिला घोषित किया जाएगा। इन जिलों में बिजली उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक कनेक्शन दे दिए गए हैं।
हाल ही में इसी तरह गाजियाबाद को भी सौभाग्यशाली घोषित किया गया है। इस सूचना के बाद नोएडा वासियों ने सोशल मीडिया पर बिजली विभाग के खिलाफ अपनी भड़ास भी निकाली है। कहा कि आए दिन बिजली कटौती हो रही है। लेकिन जिले को सौभाग्यशाली घोषित किया जा रहा है।
अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि प्रदेश में केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना के तहत हर घर में बिजली देने की योजना चल रही है। इसके तहत कम राशि पर बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। गौतमबुद्ध नगर में करीब 50 हजार कनेक्शन योजना के तहत दिए जा चुके हैं।
इसके अलावा अन्य योजनाओं से भी उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। यूपीपीसीएल के अधिकारियों की मानें तो जिले के ग्रामीण क्षेत्र को कनेक्शन देकर संतृप्त कर दिया गया है। इसलिए गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और बागपत को सौभाग्यशाली जनपदों की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे।
इस घोषणा की जानकारी जब नोएडा वासियों को मिली तो उन्होंने जमकर भड़ास निकाली। सेक्टर-71 निवासी बृजेश गुर्जर ने ट्वीट कर कहा कि नोएडा में कनेक्शन देने का ही विद्युुत विभाग का काम है। कनेक्शन की तरह बिजली सप्लाई कब प्राथमिकता में शामिल होगा। सेक्टर-56 के संजय बंसल ने फेसबुक पर लिखा कि शहर में 4 से 5 घंटे बिजली कटौती आम बात है, लेकिन जिले को सौभाग्यशाली घोषित किया जा रहा है।
यूपीपीसाीएल के प्रबंध निदेशक आशुतोष निरंजन ने तीनों जिले के लोगों से अपील भी की है कि जो लोग कनेक्शन लेने से बचे हुए हैं, वह कनेक्शन ले सकते हैं। इसके बाद छापामारी की कार्रवाई की जाएगी।