दिल्ली पुलिस में 101 नए कांस्टेबल शामिल
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में 101 नए कांस्टेबल शामिल किए गए हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस ट्रेनिंग स्कूल वजीराबाद में इनकी पासिंग आउट परेड कराई गई। इन्हें पूरी निष्ठा से काम करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परवेज अहमद ने बताया कि प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग के बाद दिल्ली पुलिस में बतौर कांस्टेबल शामिल किया गया है। ट्रेनिंग के दौरान इन्हें कानून के अलावा सामाजिक कर्तव्य, कंप्यूटर, आतंकवाद, पुलिस जांच के संबंध में जानकारी, मानव अधिकारों के बारे में जानकारी के अलावा ड्यूटी को पेशेवर तरीके से करने, अनुशासनात्मक व अच्छे बर्ताव का प्रशिक्षण दिया गया है।
पासिंग आउट परेड के दौरान मार्च पास्ट के बाद हर क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कांस्टेबल प्रिंस दहिया, मुकेश, आर्यन वालिया, विशाल राठी व मनीष कुमार को पुरस्कृत किया गया। ब्यूरो