एनसीईआरटी परिसर में 33 पेड़ों की छंटाई, पांच की कटाई
नई दिल्ली। पेड़ों की अवैध कटाई के विरुद्ध गैर-सरकारी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की मुहिम जारी है। ताजा मामला अरबिंदो मार्ग पर एनसीईआरटी परिसर में बिना वन विभाग की अनुमति के कुल 33 पेड़ों की छंटाई और पांच पेड़ों की कटाई का है। एक एनजीओ की शिकायत के बाद वन विभाग ने मौके का मुआयना कर पेड़ों की अवैध कटाई की पुष्टि की है। विभाग ने इस शिकायत पर एनसीईआरटी के विरुद्ध जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पेड़ों की छंटाई और कटाई के लिए संबंधित व्यक्ति, फर्म या प्रतिष्ठान को दिल्ली प्रिजर्वेशन ऑफ ट्रीज एक्ट के तहत वन विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। वन विभाग ने कहा है कि एनसीईआरटी परिसर में पेड़ों की कटाई-छंटाई के लिए आवेदन किया गया था, हालांकि इससे पहले वन विभाग कोई निर्णय लेता, परिसर के भीतर पेड़ों को काट दिया गया। नई दिल्ली नेचर सोसायटी की ओर से वीरहन खन्ना ने वन विभाग में एनसीईआरटी परिसर के भीतर पेड़ों के कटने की शिकायत की थी। ब्यूरो