शत्रु संपत्ति पर करवाया निर्माण, लेखपाल निलंबित
बिसरख कोतवाली में मामला दर्ज करवाया
अमर उजाला ने मुद्दे को प्रमुखता से उठाया
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उपजिलाधिकारी दादरी ने सोमवार को शत्रु संपत्ति (कस्टोडियन भूमि) पर निर्माण करवाने के आरोप में शाहबेरी गांव के लेखपाल को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ बिसरख कोतवाली में मामला दर्ज करवाया है। वहीं तहसीलदार न्यायिक को जांच सौंपी है और 15 दिन के अंदर लेखपाल को आरोप पत्र जारी कर जांच रिपोर्ट मांगी है। शाहबेरी गांव में शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर निर्माण करने के मुद्दे को अमर उजाला ने 22 जुलाई के अंक में प्रमुखता से उठाया था।
एसडीएम दादरी अंजनी कुमार ने बताया कि शाहबेरी गांव के खसरा नंबर-205 में 1.5560 हेक्टेयर जमीन राजस्व अभिलेखों में शत्रु संपत्ति में दर्ज है। पिछले चार साल के दौरान इस खसरा नंबर पर 27 बहुमंजिला इमारतें बन चुकी हैं, जबकि कुछ निर्माणाधीन हैं। गांव का लेखपाल राजवीर सिंह है। उसकी तैनाती के दौरान दो बिल्डिंग बन रही हैं। इस संबंध में लेखपाल ने कोई जानकारी नहीं दी। साथ ही पूर्व में हो चुके निर्माण के संबंध में भी जानकारी नहीं दी और न ही कोई कार्रवाई की। सरकारी दायित्वों का निर्वहन नहीं करने और अवैध निर्माण में संलिप्तता मिली है।
वहीं शाहबेरी के खसरा नंबर-22 और 23 पर संजय व विनोद कुमार ने टायर पंचर की दुकान लगाकर अतिक्रमण कर रखा था। यह अस्थायी अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। लेखपाल ने इन दोनों के खिलाफ नवीन परती भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने के लिए धारा-67 की कार्रवाई की है, जबकि यह कार्रवाई स्थायी अतिक्रमण करने पर की जाती है। बिल्डिंग बनाने वालों पर लेखपाल ने यह कार्रवाई नहीं की।