सेक्टर ओमीक्रॉन टू में मंदिर बनाने पर प्राधिकरण ने रोका
- महिलाओं के हंगामे से प्राधिकरण का दस्ता भी लौटा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शहर के सेक्टर ओमीक्रॉन टू में मंदिर बनाने व पूजा करने से प्राधिकरण ने रोक दिया। यह प्राधिकरण की अनुमति के बिना बन रहा था, जिसके चलते प्राधिकरण ने इसे रोक दिया। हालांकि महिलाओं ने प्राधिकरण दस्ते का विरोध किया, जिसके चलते प्राधिकरण दस्ते को वापस लौटना पड़ा। इसक बाद आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी प्राधिकरण गए और अधिकारियों से मिले। सेक्टर के आसपास मंदिर न होने का मसला उठाया।
सोमवार सुबह ओमीक्रॉन सेक्टर की महिलाएं एकत्र होकर पार्क के नजदीक पहुंची। वहां पर महिलाओं ने शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-पाठ शुरू कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही प्राधिकरण का अतिक्रमण हटाओ दस्ता उसे हटाने के लिए मौके पर पहुंच गया। दस्ते को देखकर महिलाएं भड़क गईं। उन्होंने जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिए। हालांकि ज्यादा विरोध होने पर प्राधिकरण का दस्ता लौट गया।
महिलाओं ने बताया कि शहर में हर सुविधा देने का दावा किया था, लेकिन प्राधिकरण ने शहर में कहीं भी पूजा के लिए मंदिर की व्यवस्था नहीं की है। यहां पर रहने वाले लोग पूजा के लिए कहां जाएं। बाद में आरडब्ल्यूए और सेक्टर के लोगों ने मिलकर प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात की। वहां पर सेक्टरों में मंदिर समेत पूजा स्थलों के जमीन चिह्नित कराने की मांग की गई।