भाजपा महिला मोर्चा ने दिल्ली सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
केजरीवाल सरकार है महिला विरोधी : पूनम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने दिल्ली सरकार पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर महिला मोर्चा ने दिल्ली विधानसभा के समीप विरोध-प्रदर्शन भी किया। महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पाराशर झा के नेतृत्व में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता चंदगी राम आखाड़े के पास एकत्र हुईं और वहां से दिल्ली सरकार महिला विरोधी है का नारा लगाते हुए विधानसभा की तरफ मार्च किया। पूनम पाराशर झा ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल की सरकार महिला विरोधी है। सत्ता में आने पर ही दिख गया था कि किस तरह अपने तत्कालीन मंत्री सोमनाथ भारती को अफ्रीकी मूल की महिलाओं से दुर्व्यवहार करने के बावजूद सख्त कार्रवाई नहीं की गई। विधायक सोमनाथ भारती, मनोज कुमार, आमानतुल्लाह खां समेत कई विधायकों पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने पर मामला दर्ज हुआ।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष योगिता सिंह ने कहा कि महिला विरोधी सरकार होने का प्रमाण यह है कि एक तरफ सरकार में महिला मंत्री ही नहीं है तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन में पारदर्शिता के लिए प्रयासरत महिला अधिकारियों तक का उत्पीड़न किया जा रहा है। डॉ. मोनिका पंत ने कहा महिला सुरक्षा के नाम पर सीसीटीवी लगाने महज एक चुनावी जुमला था।