पेड़ों के नजदीक मलबा फेंकने पर नोटिस
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के वन विभाग ने पेड़ों के नजदीक मलबा फेंकने पर दक्षिण दिल्ली के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का काम कर रही एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित अधिकारी को सोमवार को इसका जवाब देना है। अगर विभाग जवाब से संतुष्ट नहीं होता है, तो दिल्ली ट्री एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके तहत जुर्माना या सजा हो सकती है। इससे पहले वन विभाग को शिकायत मिली थी कि त्यागराज नगर में पेड़ों के नजदीक मलबा डाला जा रहा है। इससे पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। ब्यूरो
सीएम ने मालवीय नगर जल संयंत्र का किया दौरा
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को मालवीय नगर के जल संयंत्र प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 2013 में पीपीपी मॉडल पर शुरू इस प्रोजेक्ट से मालवीय नगर यूजीआर में पानी की उपलब्धता बढ़ाई गई है। इससे मालवीय नगर के अलावा ग्रेटर कैलाश, अंबेडकर नगर, छतरपुर व महरौली में पानी की सप्लाई होती है। अधिकारियों ने बताया कि करीब 219 किमी में फैले नेटवर्क से 3.82 लाख की आबादी की प्यास बुझेगी। ब्यूरो