हेडिंग: 14 दिन बाद भी शाहबेरी में खड़ी है जेपी हाइट्स बिल्डिंग
प्राधिकरण ने असुरक्षित करार देकर सात दिन में गिराने का दिया था नोटिस
बिल्डर ने आदेश का पालन नहीं किया तो प्राधिकरण को करनी थी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी गांव में असुरक्षित घोषित की गई जेपी हाइट्स बिल्डिंग 14 दिन बाद भी खड़ी है। जबकि प्राधिकरण ने नोटिस में बिल्डर को सात दिन में इसे गिराने का आदेश दिया था। बिल्डर के ऐसा नहीं करने पर प्राधिकरण को कार्रवाई करनी थी, लेकिन प्राधिकरण ने भी चुप्पी साध ली है।
गांव में 100 से अधिक बिल्डिंग पर नोटिस चस्पा किया गया। जबकि तीन बिल्डिंग पर गिराने का नोटिस चस्पा किया गया है। इनमें जेपी हाइट्स पर 21 जुलाई को नोटिस चस्पा करके वहां रह रहे एक परिवार को बाहर निकालकर बिल्डिंग को सील कर दिया गया था। बिल्डिंग के पिलर कमजोर हैं और हल्की झुक गई है। प्राधिकरण ने नोटिस में बिल्डर को सात दिन का समय दिया था। कहा था कि बिल्डर सात दिन में इसे गिरा दे। ऐसा नहीं करने पर प्राधिकरण बिल्डिंग को गिराएगा और उसका खर्च बिल्डर से वसूलेगा।
मामले में इस बिल्डिंग के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि प्राधिकरण कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है। यहीं कारण है कि 14 दिन बाद भी बिल्डिंग वैसी ही खड़ी है। काफी दिन इंतजार करने के बाद आसपास रहने वाले लोग वापस लौट आए हैं। हालांकि, बिल्डिंग के गिरने की आशंका के कारण सभी लोग दहशत में रह रहे हैं।