युवक की नाले में गिरकर मौत
नई दिल्ली। मायापुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित बी ब्लॉक में युवक की नाले में गिरकर मौत हो गई। हालांकि उसे जख्मी हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे शख्स ने बताया कि ऊंचाई से गिरकर युवक की मौत हुई है। बाद में जांच में पता चला है कि युवक की नाले में ही गिरने से मौत हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। शव की शिनाख्त अर्जुन (42) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अर्जुन अपनी पत्नी सुनीता के साथ बी ब्लॉक स्थित झुग्गी में रहता था। वह मजदूरी करता था। 25 जुलाई की रात वह काम खत्म करने के बाद मायापुरी मुख्य सड़क से अपनी झुग्गी की लौट रहा था। तभी रास्ते में बी ब्लॉक स्थित पार्क के पास चौराहे पर वह सड़क किनारे खुले नाले में गिर गया। नाले में गिरने की आवाज सुनकर आस पास के लोग पहुंचे और अर्जुन को बाहर निकाला। उसके सिर में गंभीर चोटें लगी थी। उसे डीडीयू अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर दिया गया। रविवार को अर्जुन ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस बीच कुछ लोगों का कहना है कि अर्जुन की नाले में गिरने से मौत नहीं हुई है बल्कि वह ट्रक से गिर गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।