काउंसलिंग प्रक्रिया पर शिक्षकों ने उठाए सवाल
वरिष्ठता के आधार पर सूची जारी करने की मांग
मंत्री से लगाई गुहार, स्थानांतरित होकर आए है 134 शिक्षक
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नेाएडा। हाल ही में दूसरे जनपद से स्थानांतरित होकर आए शिक्षकों ने शुक्रवार को काउंसलिंग प्रक्रिया को गलत बताकर विरोध किया। जीबीयू में चल रहे भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रभारी मंत्री जय प्रताप सिंह से मिलकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। मंत्री ने शिक्षकों की समस्याएं सुनी साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने की बात कही। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय आवंटन के लिए काउंसलिंग जनपद में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से किये जाने का प्रावधान है। जबकि गौतम बुद्ध नगर में पूर्व जनपद की मौलिक नियुक्ति से काउंसलिंग करवाई गई, जबकि अध्यापकों की पोस्ट जनपद कैडर की है। शिक्षकों की मांग है कि कार्यभार ग्रहण की तिथि से वरिष्ठता सूची जारी की जाए। वहीं, बीएसए ने बताया कि वरिष्ठता सूची के हिसाब से ही काउंसलिंग की गई है। जिले में करीब 134 शिक्षक अंतर जनपदीय स्थानांतरण से आए हैं।
वर्जन
अंतर जनपदीय स्थानांतरण में यदि जूनियर शिक्षक, वरिष्ठ शिक्षक से एक दिन पहले ज्वाइन करता है तो उसे जूनियर नहीं घोषित किया जा सकता। वरिष्ठता के आधार पर सूची तैयार की गई है। इस बार बिसरख ब्लॉक में अधिक शिक्षक होने के चलते वहां पर किसी भी शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। जेवर, दनकौर और दादरी में जहां स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं वहां पर शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
बाल मुकुंद प्रसाद, बीएसए गौतम बुद्ध नगर