1 से 15 अगस्त तक अन्न योजना पखवाड़ा
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीबों के लिए 1 से 15 अगस्त तक अन्न योजना पखवाड़ा चलाया जाएगा। जिला आपूर्ति अधिकारी आरएस यादव ने बताया कि इस संबंध में जागरूकता प्रदान करने को लेकर ग्राम मिर्जापुर में मुनादी करवाकर शुक्रवार को लोगों को सूचित किया गया। इस योजना में सस्ती दरों पर अनाज और गेहूं मुहैया कराया जा रहा है। यदि कोई पात्र परिवार योजना से वंचित है तो वह आवेदन कर सकता है। वहीं, ऐसे कार्डधारक जिन्होंने अभी तक आधार नहीं जमा कराया है कि वह आधार राशन कार्ड के साथ जमा करा सकते हैं। ताक उन्हें राशन मिलने में कोई असुविधा नहीं हो। अन्य गांवों में भी मुनादी कराकर लोगों को आवेदन करने और योजना का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। ब्यूरो
रोजगार योजना के तहत मांगे आवेदन
ग्रेटर नोएडा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार योजना, शहरी क्षेत्र दुकान निर्माण योजना, लॉन्ड्री एवं ड्राई क्लीन योजना के तहत आवेदन मांगे गये हैं। योजना में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लोग आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति के शहरी क्षेत्र में वार्षिक आय 56,460 रुपये और ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 रुपये से अधिक न हो व्यक्ति रोजगार स्थापित करने के लिए आवेदन कर सकते है। आवेदन पत्र के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, तहसीलदार की तरफ से जारी आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड एवं राशन कार्ड की छाया प्रति के साथ आवेदन करना होगा। शहरी क्षेत्र के व्यक्ति जिला प्रबंधक उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड गौतम बुद्ध नगर विकास भवन कमरा नंबर 118 तथा ग्रामीण क्षेत्र के व्यक्ति आवेदन पत्र सहायक ग्राम विकास अधिकारी के कार्यालय में 5 अगस्त 2018 को सायं 5 बजे तक जमा करा सकते हैं। ब्यूरो