हेडिंग: चोरी और रेत बरामदगी में खनन माफिया को जेल
सबहेड: नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में यमुना नदी की धारा मोड़कर खनन का मामला
आरोपी के बेटे को हल्की धाराओं में कार्रवाई पर मिली थी जमानत
अब पुलिस ने केस में संगीन धारा बढ़ाकर आरोपी को जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। खनन माफिया संजय मोमनाथल को नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी और उसके बेटे ने खनन के लिए सरकार की सख्ती के बावजूद नॉलेज क्षेत्र में यमुना में बांध बनाकर जलधारा को मोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के बेटे को सिंचाई विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर गिरफ्तार किया था, लेकिन हल्की धाराओं में कार्रवाई के कारण उसे जमानत मिल गई थी। इससे आला अधिकारियों में नाराजगी थी। अब, पुलिस ने केस में रेत चोरी और बरामदगी की धारा बढ़ाकर बृहस्पतिवार को संजय मोमनाथल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी डीपी सिंह पुंडीर ने बताया कि 12 जुलाई 2018 को सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। संजय और उसके बेटे को गिरफ्तार कर प्रेसवार्ता की गई थी, लेकिन इसके दो घंटे बाद ही खनन अधिनियम की हल्की धाराओं में कार्रवाई के कारण बेटे को जमानत मिल गई थी। पुलिस ने इस मामले में गहनता से जांच करते हुए आरोपियों को रेत चोरी और बरामदगी का भी दोषी पाते हुए केस में धारा तरमीम कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी के खिलाफ कुल 16 खनन के केस दर्ज हैं। बाद में अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पूर्व में कार्रवाई करने वाले तत्कालीन थाना प्रभारी को चार्ज से हटाया गया था। चर्चा है कि आरोपियों के बेखौफ यमुना पर गाड़ियों के आवागमन के लिए बांध बनाने और हल्की धारा में केस दर्ज करने पर ही ये कार्रवाई की गई थी। अब, पुलिस संगीन धारा बढ़ाने के बाद आरोपी बेटे को भी तलाश कर रही है।