मांगों को ले सीईओ से
मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
ग्रेटर नोएडा। संयुक्त किसान अधिकार आंदोलन व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को ले आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए सिग्मा वन सेक्टर में बैठक की। किसानों की मांगों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल प्राधिकरण के सीईओ से मिलेगा।
किसान नेता ईश्वर पहलवान ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवकों को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। पहले योग्यता के अनुसार जिले के युवकों को रोजगार दिलाया जाए। किसान नेता मनोज डाढ़ा ने कहा कि किसानों को 10 फीसदी विकसित भूखंड नहीं दिए जा रहे हैं। जमीन अधिग्रहण के नए कानून को लागू कराने के लिए लंबे समय से किसान आंदोलन करते रहे हैं। आबादी के मामले का निस्तारण करने, पंचायत व्यवस्था को बहाल कराने की मांग भी की जाती रही है। बैठक में प्रवीण भारतीय, रविंद्र भाटी, सुनील फौजी, सुखवीर आर्य, प्रदीप भाटी, अमित पहलवान, अजीत तंवर, कपिल गुर्जर आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
शराब ठेका हटाने की मांग
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य पीतांबर शर्मा ने उपजिलाधिकारी दादरी को पत्र लिख कूडी खेडा मोड़ स्थित शराब के ठेके को अन्य स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि शराब का ठेका जिस स्थान पर है, उसके नजदीक ही बीएड कालेज और एक इंटर कालेज मौजूद है। ठेके के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उनके द्वारा वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर छींटाकसी भी की जाती है। ब्यूरो